झुंझुनूं: कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बच्ची का अपहरण और दुष्कर्म करने वाले आरोपी मोहित कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी को उतराखंड से दबोचा।
पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली थाना झुंझुनूं में रिपोर्ट दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से चली गई। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों से जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुराग निकाला। जांच में सामने आया कि बच्ची को मोहित कुमार अपहरण कर ले गया है।
पुलिस टीम ने झुंझुनूं, चिड़ावा, सिंघाना, दिल्ली और अंततः उतराखंड में तलाश की। वहां से आरोपी मोहित कुमार और पीड़िता को बरामद किया गया। अनुसंधान के बाद मोहित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागृह झुंझुनूं भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार पुत्र किशोर कुमार, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर जोगीपुरा थाना रामनगर कोतवाली, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।





