झुंझुनूं, 23 मार्च 2025: जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर चल रहा धरना प्रदर्शन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। रोशन लाल मेघवाल और राजेश देवी न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। उनके समर्थन में बहुजन समाज के कई कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने रोशन लाल मेघवाल को जबरन बीडीके अस्पताल भिजवा दिया, जहां से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, राजेश देवी को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

स्वास्थ्य जांच के बावजूद अस्पताल भेजा
इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने धरना स्थल पर पहुंचकर रोशन लाल मेघवाल की स्वास्थ्य जांच की थी और उन्हें स्वस्थ बताया था। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें अस्पताल भिजवा दिया। राजेश देवी को भी इसी प्रकार अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे प्रदर्शनकारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
विरोध में नारेबाजी और प्रशासन पर आरोप
धरना स्थल पर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष विकास आल्हा, बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बंशीधर भीमसरिया, जिला संघर्ष समिति के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर जयलाल सिंह, डी. के. महेरिया सहित कई नेता पहुंचे। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे अन्यायपूर्ण कार्रवाई बताया।

न्याय की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
धरने में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक रोशन लाल मेघवाल और राजेश देवी को न्याय नहीं मिलता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए आगे की रणनीति पर भी चर्चा की।