चिड़ावा (राजस्थान), 27 मार्च 2024: पुरानी तहसील रोड़ पर स्थित नेहा ज्वैलर्स शॉप पर 28 दिसम्बर को हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने 2 चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौका तस्दीक के लिए चोरों की परेड भी करवाई।
थानाधिकारी विनोद सामरिया ने बताया कि परिवादी महेश कुमार सोनी ने 1 जनवरी, 2024 को रिपोर्ट दी थी कि उसकी पुरानी तहसील रोड़ पर स्थित दुकान नेहा ज्वैलर्स का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 2 लाख रुपये नगद और कागजात चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। जांच के दौरान ही पुलिस को सूचना मिली कि रेनवाल थाना क्षेत्र में नकबजनी के आरोप में पकड़े गए कुछ लोगों ने चिड़ावा में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर श्योजीराम उर्फ पारिया और सीताराम बागरिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों चोरों की से पुलिस चोरी के 2 लाख रुपये और कागजात की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपी श्योजीराम उर्फ पारिया, पुत्र हीरालाल, जाति बागरिया, निवासी सुनाड़िया, थाना दूदू, जिला दूदू तथा सीताराम बागरिया, पुत्र रतनलाल, जाति बागरिया, निवासी हिरनोदा, थाना डिग्गी, जिला टोंक आदतन अपराधी हैं तथा दोनों का ही पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
*विनोद सामरिया, थानाधिकारी, चिड़ावा
*प्रहलाद सिंह,
*राजवीर सिंह
*विजयपाल
*योगेश शर्मा
वारदात के तीन माह बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चिड़ावा लाया गया है। चोरों से चोरी गया माल भी बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अपराधियों में खौफ और आमजन में विश्वास के ध्येय वाक्य को ध्यान में रखते हुए दोनों शातिर चोरों को मौका परेड के लिए लाया गया। चिड़ावा शहर के व्यापारियों ने पुलिस की इस कामयाबी पर तालियां बजा कर बाजार में पुलिस टीम का स्वागत किया।





