जयपुर/झुंझुनूं: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एक्सईएन और एक दलाल को 33 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मामला झुंझुनूं जिले में स्टेट हाईवे के रोड अलाइनमेंट में बदलाव करने और खातेदारी जमीन को सड़क से बाहर निकालने के नाम पर रिश्वत मांगने से जुड़ा है।

इस पूरे प्रकरण में शिकायतकर्ता की जमीन को पहले सड़क परियोजना में शामिल किया गया और बाद में उसे बाहर निकालने के नाम पर मोटी रकम की मांग की गई।

शुक्रवार रात करीब 8 बजे जयपुर की चौमूं पुलिया के पास ACB ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता तय योजना के तहत रिश्वत की राशि लेकर मौके पर पहुंचा। दलाल याकूब अली अपनी कार से उतरकर शिकायतकर्ता की गाड़ी में बैठा और 33 लाख रुपए की रकम ले ली।

ACB के निर्देशानुसार शिकायतकर्ता ने जैसे ही कार का इंडिकेटर जलाकर संकेत दिया, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए याकूब अली को रंगे हाथों पकड़ लिया।

इसी कार्रवाई के समानांतर ACB की दूसरी टीम ने झुंझुनूं के चिड़ावा क्षेत्र से PWD के XEN राकेश कुमार को उसके घर से हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि दलाल याकूब अली यह रिश्वत राशि राकेश कुमार तक पहुंचाने वाला था।

एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत के अनुसार, इस परियोजना में रोड अलाइनमेंट का कार्य जयपुर के वैशाली नगर स्थित “झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड” को दिया गया था।

याकूब अली, जो झुंझुनूं के किठाणा का निवासी है, कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि था और गजट नोटिफिकेशन में भी उसका नाम शामिल है। वह चित्रकूट क्षेत्र स्थित अपने कार्यालय से रिश्वत की रकम लेकर चिड़ावा जाने की तैयारी में था।

बगड़ से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली सड़क के लिए अलाइनमेंट का काम किया जा रहा था। इसी प्रक्रिया में परिवादी की जमीन को शामिल और बाहर करने के नाम पर रिश्वत का खेल चल रहा था। यह मामला सरकारी निर्माण परियोजनाओं में भ्रष्टाचार की गहराई को उजागर करता है।




