गुढागौड़जी: थाना क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज के आसपास छात्राओं पर छिंटाकशी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में विशेष गश्त अभियान चलाया गया। वृताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में थाना गुढागौड़जी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चार गैरसायलान युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में गठित टीम ने स्कूल और कॉलेज के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त युवकों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार ये युवक छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे और क्षेत्र का माहौल खराब कर रहे थे।
चारों आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवकों में शिवम पुत्र योगेश निवासी सहारनपुर (उत्तरप्रदेश), दिनेश पुत्र सीताराम निवासी बजावा थाना गुढागौड़जी, रवि कुमार पुत्र नंदराम निवासी चांदकोठी राजगढ़ तथा सचिन पुत्र सीताराम निवासी बजावा शामिल हैं। सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल और कॉलेज के आसपास किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, ईव टीजिंग या छिंटाकशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका और सख्त संदेश
कार्रवाई में सुरेश कुमार रोलन के साथ मोहनलाल, सुनिल कुमार और भूपेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
झुंझुनूं पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। अभिभावकों और छात्राओं ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।





