रायपुर, छत्तीसगढ़: दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने छत्तीसगढ़ में एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पालिका सीट पर AAP की उम्मीदवार नीलम विजय वर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की और पार्टी का परचम लहराया। भाजपा शासित राज्य में यह जीत AAP के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बोदरी में AAP का दमदार प्रदर्शन
बोदरी नगर पालिका के तीन वार्डों में भी आप के पार्षद विजयी रहे हैं, जबकि कुसमी में एक सीट पर AAP का पार्षद चुनाव जीतने में सफल रहा। उल्लेखनीय है कि बोदरी, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष धर्मराज कौशिक का क्षेत्र है। AAP प्रत्याशी नीलम विजय वर्मा ने 290 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर विपक्षी दलों को चौंका दिया।

भाजपा का दबदबा बरकरार, दुर्ग में महापौर सीट पर जीत
छत्तीसगढ़ में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन भी जारी रहा। दुर्ग नगर निगम में भाजपा ने महापौर पद पर कब्जा जमाया, साथ ही 40 वार्डों में भाजपा के पार्षदों ने जीत दर्ज की। कांग्रेस को केवल 12 वार्डों में सफलता मिली, जबकि 8 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
दंतेवाड़ा जिले में भी भाजपा ने सभी नगर निकायों पर जीत दर्ज की।
- बचेली नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी राजू जायसवाल विजयी रहे।
- किरंदुल नगर पालिका में रूबी शैलेंद्र सिंह ने जीत दर्ज की।
- बारसूर नगर पंचायत में सुभद्रा नेगी विजयी रहीं।
- गीदम नगर पंचायत में रजनीश सुराना को सफलता मिली।
- दंतेवाड़ा नगर पालिका में पायल गुप्ता ने जीत दर्ज की।

15 साल बाद रायपुर में भाजपा का महापौर
भाजपा को रायपुर नगर निगम में भी बड़ी सफलता मिली। पार्टी ने 15 वर्षों बाद रायपुर नगर निगम के महापौर पद पर कब्जा जमाया। यहां से भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने जीत दर्ज की।
बालोद जिले में भी भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा, जहां दो नगर पालिकाओं और छह नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।