चिड़ावा: शहर के वार्ड नंबर 2 स्थित गूगोजी की ढाणी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में लड़ते हुए सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जर्जर अवस्था में खड़ा पुराना पोल टूटकर सड़क पर गिर गया, वहीं उसके पास लगाया गया नया पोल भी असंतुलित होकर धराशायी हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गूगोजी की ढाणी में लंबे समय से बेसहारा सांडों की आवाजाही बनी हुई है। शुक्रवार को दो सांड आपस में उलझते हुए सीधे सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से जा टकराए। टक्कर से पहले से कमजोर पुराना पोल पूरी तरह टूट गया और उसके पास लगाया गया नया पोल भी संतुलन खो बैठा। दोनों पोलों के एक साथ गिरने से सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा व इलाके की विद्युत व्यवस्था भी गड़बड़ा गई।
घटना के बाद पोल के सड़क पर गिरने से करंट फैलने और बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। वार्ड निवासी संतोष सैनी ने बताया कि स्थिति को देखते हुए तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी गई और एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई बंद करने को कहा गया। समय रहते सप्लाई बंद होने से बड़ा नुकसान टल गया, अन्यथा राहगीरों और आसपास के घरों को गंभीर खतरा हो सकता था।
पोल गिरने की घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही जर्जर विद्युत पोल लगे हुए हैं, जिन्हें समय रहते नहीं बदला गया। लोगों ने मांग की कि मौके पर तुरंत पहुंचकर टूटे पोल हटाए जाएं और स्थायी व सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बेसहारा पशुओं की समस्या और विद्युत ढांचे की अनदेखी जारी रही, तो किसी दिन यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से क्षेत्र का निरीक्षण कर कमजोर पोलों को तुरंत बदलने और सड़क किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।





