Sunday, February 8, 2026
Homeचिड़ावाचिड़ावा में विराट हिंदू सम्मेलन: कलश यात्रा और भगवा ध्वज शोभायात्रा में...

चिड़ावा में विराट हिंदू सम्मेलन: कलश यात्रा और भगवा ध्वज शोभायात्रा में गूंजा जय श्री राम का जय घोष

चिड़ावा: शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर श्री राम बस्ती में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश दिया। रविवार को निकाली गई विशाल कलश यात्रा और भगवा ध्वज शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के जयघोषों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

विराट हिंदू सम्मेलन के अंतर्गत रविवार को श्री राम बस्ती से विशाल कलश यात्रा एवं भगवा ध्वज शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक आस्था का प्रदर्शन किया, जबकि पुरुषों और छोटे बच्चों के हाथों में भगवा ध्वज और तिरंगा लहराता दिखाई दिया। यात्रा मार्ग पर बस्तीवासियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

शोभायात्रा का समापन विवेकानंद स्कूल परिसर में हुआ, जहां हवन-पूजन के साथ सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हनुमान मंदिर के पुजारी सुशील शर्मा ने की, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेहताब योगी, पर्यावरणविद् जयसिंह झाझड़िया, विवेकानंद स्कूल के निदेशक शिवचन्द सैनी और हनुमान प्रसाद कौशिक शामिल रहे।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में बौद्धिक कर्ता मुकेश और विभाग प्रचारक सहित अन्य वक्ताओं ने समाज को संगठित रहने, आपसी एकता बनाए रखने और धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज की संगठित शक्ति ही सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने मलखंभ और गतका का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं सरला पाठशाला के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया और दर्शकों की तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।

सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मान प्रदान किया गया। संयुक्त परिवार की परंपरा को सहेजने के लिए राधेश्याम नायक, हस्तकला के क्षेत्र में इंद्र कुम्हार, राज्य स्तरीय पुरस्कृत शिक्षक के रूप में रामप्रताप सैनी, पर्यावरण संरक्षण के लिए जयसिंह झाझड़िया तथा खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विक्रम सिंह और लीना को सम्मानित किया गया।

पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सम्मेलन में पधारे सभी नागरिकों को खेजड़ी का पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम और रविकान्त शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ पार्षद राजेन्द्र पाल कोच, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, डॉ. कृष्ण दत्त, प्रभातीलाल योगी, सुरेन्द्र बराल, हेमंत गुर्जर, नरपत सिंह, समीर शेखावत, रामवतार, ईश्वर, कल्याण, योगेश शर्मा, जिले सिंह, अशोक वर्मा, मुकेश सैनी, राजेश सैनी, विकास, अजय जांगिड़, संगीत वर्मा, वंदना शर्मा, राजेश्वरी, संजू सैनी, संगीत शर्मा, अल्का शर्मा, पलक टेलर, माया, भूपेंद्र, रामुतार, विजेंद्र और कल्याण सहित श्री राम बस्ती के अनेक गणमान्य नागरिकों व मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!