चिड़ावा, 6 जनवरी: चिड़ावा में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरी लकड़ियों से भरी पिकअप को पकड़ा है। कार्रवाई में वन विभाग की जयपुर सीसीएफ टीम और चिड़ावा रेंज की टीम शामिल हुई। वन विभाग की कार्रवाई की भनक लगने पर पिकअप चालक ने गाड़ी को भगा ले जाने की कोशिश भी की, जिस पर वन विभाग की टीम को डीएसटी का सहयोग भी लेना पड़ा।
चिड़ावा रेंजर सुमन चौधरी ने बताया कि हरी लकड़ियों के अवैध परिवहन की सूचना पर फ्लाइंग सीसीएफ जयपुर के साथ चिड़ावा रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी द्वारा कार्रवाई करते हुए हरी लकड़ियों से भरी पिकअप को जब्त किया गया है। रेंजर सुमन चौधरी ने बताया कि हरी लकड़ियों से भरी इस पिकअप को नवलगढ़ से हरियाणा ले जाया जा रहा था।
पिकअप चालक ने वन विभाग की टीम को देख कर फरार होने की कोशिश की जिस पर डीएसटी के सहयोग से सुल्ताना अरड़ावता रोड़ पर गाड़ी को जब्त किया गया। चालक नवलगढ़ निवासी कर्मवीर के विरुद्ध राजस्थान वन अधिनियम 1953 के तहत कार्रवाई की गई है।
हरी लकड़ियों के अवैध परिवहन के विरुद्ध वन विभाग की इस कार्रवाई में सीसीएफ फ्लाइंग रेंजर सूरजमल, चिड़ावा रेंजर सुमन चौधरी, वनपाल मुकेश कुमार, सहायक वनपाल सुशीला रणवा, फॉरेस्ट गार्ड प्रकाश व आनन्द शामिल रहे।





