चिड़ावा: शहर में भारतीय जनता पार्टी ने मन की बात कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 25 जनवरी 2026 को प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में अधिकतम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। चिड़ावा के मंड्रेला रोड तिराहा स्थित विशाल साइकिल शोरूम में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले और मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
बैठक के दौरान जिला प्रमुख मुरलीमनहोर शर्मा और चिड़ावा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का उद्देश्य समाज से संवाद और योजनाओं को जनभागीदारी तक पहुंचाना है। बैठक में शामिल वरिष्ठ पार्षद राजेंद्रपाल कोच और ग्रामीण अध्यक्ष विकास स्वामी ने कहा कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक पहुंच बनाकर रिकॉर्ड संख्या में लोग कार्यक्रम सुने, इसके लिए हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी निभानी होगी।
मन की बात कार्यक्रम संयोजक अंकित भगेरिया ने ग्रामीण इलाकों एवं वार्डों तक प्रचार की जिम्मेदारी तय की। युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मोहित तामडायत और सह संयोजक राजेश वर्मा ने कहा कि युवा वर्ग की भागीदारी अभियान की सफलता का बड़ा आधार बनेगी। युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि जन-जागरूकता अभियान के लिए पोस्टर, सोशल मीडिया संदेश और बूथ स्तर पर संपर्क को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में संदीप गिरधर, संतोष शर्मा, राहुल योगी और अमित बुलानिया ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सभी पदाधिकारियों ने एकमत होकर कहा कि 25 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे हर नागरिक प्रधानमंत्री की मन की बात सुने। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने और लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने की रणनीति बनाई, ताकि चिड़ावा क्षेत्र अधिकतम सहभागिता का केंद्र बन सके।
चिड़ावा समाचार, भाजपा बैठक, मन की बात कार्यक्रम, झुंझुनूं न्यूज़, राजस्थान राजनीति, भाजपा चिड़ावा, नरेंद्र मोदी मन की बात, झुंझुनूं ताजा खबर, युवा मोर्चा राजस्थान, भाजपा संगठन





