चिड़ावा: सूरजगढ़ रोड पर महिंद्रा एजेंसी के समीप शुक्रवार शाम को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति के चालक अशोक और समिति उपाध्यक्ष सज्जन वर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को समिति की एंबुलेंस से चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे में स्कूटी चालक राजकुमार पुत्र मालाराम, उम्र 53 वर्ष, निवासी सूरजगढ़ और बाइक चालक मुकेश पुत्र माइलाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सैदपुर घायल हो गए। प्राथमिक जांच के दौरान स्कूटी चालक राजकुमार की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उप जिला अस्पताल में दिया तत्काल प्राथमिक उपचार
चिड़ावा उप जिला अस्पताल में डॉ. निर्मला चौधरी, वार्ड बॉय कर्मवीर श्योराण और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया। चिकित्सकों के अनुसार, बाइक चालक मुकेश की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि गंभीर घायल राजकुमार को बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर किया गया है।





