चिड़ावा: रविवार सुबह डालमिया स्कूल के पास सड़क हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई। कार में मौजूद छह लोगों में से तीन लोगों को मामूली चोटें आई बताई जा रही है।
चिड़ावा शहर में स्टेशन रोड स्थित डालमिया स्कूल के पास रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बढ़बर की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। स्थानीय जानकारी के अनुसार वाहन जैसे ही स्कूल के पास पहुंचा, अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ गया। कार घूमकर रोड के किनारे जा लगी और इसी दौरान टायर भी फट गया, जिसके बाद कार सीधे बिजली पोल से टकरा गई।
तेज रफ्तार और अचानक नियंत्रण बिगड़ने के कारण कार बिजली पोल से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली पोल भी टक्कर की ताकत से झुक गया और उसका निचला हिस्सा टूट गया। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
कार में कुल छह लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को ऑटो के जरिए उप जिला अस्पताल चिड़ावा पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि तीन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि बाकी तीन सुरक्षित हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।





