जयपुर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. गोपाल शर्मा ने आज प्रधानमंत्री मोदी की तुलना महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी से कर दी। उन्होंने कहा कि मानवता अपना कल्याण चाहती है और श्रृष्टि अपना उद्धार चाहती है इसीलिए भारत में आज प्रधानमंत्री के पद पर नरेन्द्र मोदी आरूढ़ हुए हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस पीछे छूट गए हैं, विश्व के तमाम शीर्ष नेताओं को पीछे छोड़ते हुए पीएम मोदि आज विश्व नेता के रूप में इस देश को अपने साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई बड़ा कार्यक्रम या नीति आज भारत के हितों की अनदेखी कर नहीं बनाई जा सकती।
मोदी के तीसरे कार्यकाल में मुजफ्फराबाद में फहराएगा तिरंगा
डॉ. गोपाल शर्मा चिड़ावा के श्योराण गेस्ट हाउस में आयोजित अभिनन्दन समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के 2 कार्यकाल में से पहले कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 हटा दी गई और दूसरे कार्यकाल में अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई। अब 2024 में सरकार बनने पर दिल्ली ही नहीं बल्कि पीओके के मुजफ्फराबाद में भी तिरंगा फहराया जाएगा। मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान में तिरंगा फहराया जाना कोई बड़ी बात नहीं है।
विधायक निर्वाचित होने के बाद पहली बार अपने गृह जिले के 2 दिवसीय दौरे पर आए विधायक गोपाल शर्मा का नवलगढ़, झुंझुनू, चिड़ावा और सूरजगढ़ में अभिनन्दन किया गया। चिड़ावा के पुरानी बस्ती स्थित श्योराण गेस्ट हाउस में शिव नगरी अभिनन्दन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. गोपाल शर्मा जब मोदी के नेतृत्व पर बोल रहे थे तब उनके समर्थक और कार्यकर्ता लगातार तालियां बजाते हुए मोदी और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
अभिनन्दन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. गोपाल शर्मा ने अपने उद्बोधन में चिड़ावा में अपने अध्ययनकाल की स्मृतियों की बातें की तो जयपुर में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने संघर्ष की चर्चा करते हुए उन्होंने राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूर चंद्र कुलिश और पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत को भी शिद्दत से याद किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता राजेश दहिया, बाबूलाल वर्मा, सरोज मानसिंह श्योराण, सेवाराम गुप्ता, नारायण काबरा, डॉ सुरेन्द्र चौधरी, जयपुर नगर निगम के पार्षद पवन शर्मा नटराज, धीरज शर्मा, राजेश कुमावत थे जबकि अध्यक्षता प्रो. केएम मोदी ने की।
इस अवसर पर विप्र समाज, सैनी समाज, जांगिड़ समाज, खटीक समाज, गुर्जर समाज, स्वामी समाज, व्यापार मंडल, चार मरुवा बालाजी मन्दिर ट्रस्ट, विश्व हिन्दू परिषद, लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, सन राइज क्लब, जन कल्याण सेवा संस्थान, गुरु हनुमान व्यायाम शाला, विवेकानंद मित्र परिषद सहित अन्य संगठनों व संस्थाओं की ओर से डॉ. गोपाल शर्मा का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को राजेन्द्र पाल कोच, अशोक मालानी, राजेश दहिया तथा प्रो. केएम मोदी ने भी सम्बोधित किया। संचालन डॉ. अशोक अरड़ावतिया ने किया।
ये रहे मौजूद
अभिनन्दन समारोह में अशोक मालानी, रामगोपाल मिश्रा, मनोहर लाल जांगिड़, रोशन स्वामी, राजन सहल, सुरेश मालानी, सम्पत देवी, मंजीत सिंह, सत्यनारायण चौधरी, प्रभुशरण तिवाड़ी, शंभू पंवार, विद्याधर सैनी, हरीओम कुमावत, मुरली मनोहर शर्मा, एडवोकेट संजीव जखोड़ीया, रविकांत शर्मा, एडवोकेट विजय डाबला, एडवोकेट ईशान मिश्रा, एसीबीईओ सुशील शर्मा, प्रदीप मोदी, शेखर शर्मा, सुनील दाधीच, मुकेश शर्मा, ओमप्रकाश बसवाला, महेश आजाद, बाबूलाल स्वामी, कमलेश मालानी, अशोक गोयल, महेश शर्मा धन्ना, राजकुमार शर्मा, रजनीकांत मिश्रा, महेन्द्र कुमावत, कृष्ण कुमार बाछुका, अभियंक बसावतिया, देवीदत्त शर्मा, गंगाधर सैनी, रामचंद्र बागड़ी, मुकेश जलिंद्रा, मुकेश खंडेलवाल, बाबूलाल जांगिड़, महेश मोदी, नवनीत शर्मा, सांवरमल पारीक, राजेश बैद, नरेन्द्र गिरधर, रमेश स्वामी सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।





