चिड़ावा, 10 जनवरी 2025: चिड़ावा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारिया उर्फ दारासिंह और विक्रम सिंह के रूप में हुई है।
2 अगस्त 2024 को, मंजू नेहरा नामक महिला चिड़ावा बाजार में बांके बिहारी शोरूम के सामने सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने उनसे सोने की चेन छीन ली थी। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तारिया और विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को झुंझुनूं जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने झुंझुनू के अलावा सीकर, नीमकाथाना, चिड़ावा, राजगढ़, पिलानी और जयपुर में भी चेन स्नैचिंग की कई वारदातें करना कबूल किया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी विनोद सामरिया के नेतृत्व में एक टीम शामिल थी। टीम में एचसी सत्यवीर सिंह, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह और अमित डाटिका शामिल थे।
तारिया अलवर के अकबरपुर और विक्रम सिंह कोटपुतली के टापरी का रहने वाला है।