चिड़ावा: पुलिस थाना परिसर में सोमवार शाम आयोजित सीएलजी, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक और पुलिस मित्रों की संयुक्त बैठक में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की रोकथाम, और शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर विशेष चर्चा हुई। बैठक में पुलिस-जन सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सुझाव दिए गए।
थाना परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी आशाराम गुर्जर ने की। बैठक में सर्दी के मौसम में चोरी की संभावनाओं को देखते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, शहर के संवेदनशील इलाकों में जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मुख्य मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण, पार्किंग की अव्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर सुझाव रखे। यह तय किया गया कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर बाजारों में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
बैठक में मुकेश जलिंद्रा, महेंद्र धनखड़, सुभाष पंवार, ख्याति केडिया, योगिता बागड़ी, लोकेश शर्मा, सोनू करनावत, अनिता सैनी, सुनीता, अजय कुमार शर्मा और देवेंद्र चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव दिए और सामूहिक रूप से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।





