चिड़ावा: शहर के स्टेशन रोड स्थित डालमिया खेल मैदान में पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता ने पुलिस कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल और टीम भावना को मजबूत किया। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यदबाव के बीच मानसिक तनाव को कम करना और पुलिस विभाग में सहयोगात्मक माहौल को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में दो टीमों का गठन किया गया। डीवाईएसपी विकास धींधवाल की टीम ने पहला मैच 12 ओवर में 68 रन बनाकर निर्धारित किया, जबकि थानाधिकारी आशाराम गुर्जर की टीम ने 5 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में थानाधिकारी आशाराम गुर्जर की टीम ने 10 ओवर में 101 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीवाईएसपी विकास धींधवाल की टीम 51 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार दोनों मैचों में थानाधिकारी आशाराम गुर्जर की टीम विजयी रही।
मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। खेल के दौरान तालियों और हौसला बढ़ाने वाले नारों ने पूरे मैदान को जीवंत बना दिया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस कर्मियों में तनावमुक्त वातावरण बनाने और आपसी भाईचारा बढ़ाने में सहायक होते हैं।
डीवाईएसपी विकास धींधवाल टीम में चन्द्रभान, थानाधिकारी पिलानी रणजीत सेवदा, थानाधिकारी सूरजगढ़, कांस्टेबल केशव कुमार, त्रिवेन्द्र, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, दीपक कुमार, विजय सिंह, राकेश कुमार, ओमप्रकाश, अश्वनी कुमार, सुरेश कुमार और चिरंजीलाल शामिल थे।
थानाधिकारी आशाराम गुर्जर की टीम में रवीन्द्र कुमार, थानाधिकारी सुलताना, एसआई कैलाश चन्द्र, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल गौरव, प्रदीप कुमार, बाबूलाल, सुनिल कुमार, योगेन्द्र सिंह, मनोज कुमार, शहबाज, मुकेश और अमित ने हिस्सा लिया।
मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, जिससे पुलिस कर्मियों में आपसी भाईचारा और टीम भावना बनी रहे।





