चिड़ावा (झुंझुनूं)। नगरपालिका क्षेत्र के मुख्य मार्गों और आम रास्तों पर फैले स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को लेकर चिड़ावा नगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई का ऐलान किया है। प्रशासन की ओर से जारी सार्वजनिक अपील में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण शहर में आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
नगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि 8 अक्टूबर 2025 से मुख्य मार्गों और आम रास्तों पर किए गए सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इस संबंध में विशेष तौर पर कबूतर खाना बस स्टैंड से पिलानी चौहरा, कबूररखाना से सुरजगढ़ मोड़, कबूतरखाना से नया बस स्टैंड और कबूतरखाना से टेकडे़ तक बने सभी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगरपालिका ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों के आगे किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। यदि निर्धारित समय तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगरपालिका की ओर से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और उसका खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।
अधिशासी अधिकारी रोहित मील ने बताया कि आमजन की सुविधा और शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।





