चिड़ावा: शिक्षा विभाग की ओर से बगड़ के स्पोर्ट्स जोन अकेडमी में आयोजित 69वीं जिला स्तरीय बालक-बालिका (अंडर 17 व 19 वर्षीय) कराटे और वुशु प्रतियोगिता में चिड़ावा की एनएसआर स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन किया। गौशाला रोड, मंड्रेला रोड स्थित इस एकेडमी के खिलाड़ियों ने कुल 14 पदक अपने नाम कर क्षेत्र का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 9 कांस्य पदक हासिल किए। कराटे और वुशु दोनों में खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-19 कराटे गर्ल्स वर्ग में वेदांशी ने गोल्ड मेडल जीता। 17 वर्ष से कम उम्र के कराटे लड़कों में ऋषभ शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। वुशु अंडर-17 वर्ग में चिराग ने गोल्ड हासिल किया। इसी तरह 17 वर्ष से कम उम्र की कराटे गर्ल्स में ऐना जांगिड़ ने भी स्वर्ण पदक जीतकर एकेडमी का गौरव बढ़ाया।
रोहन लांबा ने रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक जीतने वालों में मयंक, लक्ष्य, अंकित, निशिका, आराध्या जांगिड़, छवि शर्मा, अवनि, मोनल और खुशबू शामिल हैं। सभी ने कड़ी प्रतिस्पर्धा में अपनी काबिलियत दिखाकर पदक पक्के किए।
एनएसआर स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक नितिन सिंह राठौड़ ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का परिणाम है, जो आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ेंगे।





