जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल आज चिड़ावा उप जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में घूमने वाले प्राइवेट लैबोरेट्री के लपकों से सम्बन्धित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए चिड़ावा एसडीएम को ऐसे लपकों के गिरोह पर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को अस्पताल के बाहर जितनी भी प्राइवेट लैबोरेट्री (जांच केन्द्र) हैं, उनके निरीक्षण के भी आदेश दिए हैं।
जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान उप जिला अस्पताल के सभी वार्डों, ऑक्सिजन प्लान्ट, लैब, एक्स-रे कक्ष, पर्ची काउन्टर, दवा वितरण काउन्टर, ओपीडी ब्लॉक, लेबर रूम आदि का भी सघन निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने अस्पताल में मरीजों को होने वाली असुविधा को देखते हुए पर्ची काउन्टर बढ़ाने के निर्देश देते हुए अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए भी अस्पताल प्रशासन को आदेशित किया गया।
अस्पताल में बड़े ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों को दिए निर्देश
जिला कलेक्टर ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन लता कटेवा को उप जिला अस्पताल के स्तर के अनुसार ऑपरेशन थियेटर को सक्रिय करने व बड़े ऑपरेशन शुरू करने हेतु कहा। साथ ही मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी में 1 करोड़ ₹ की उपलब्ध राशि को आवश्यकतानुसार खर्च करने हेतु जल्दी आरएमआरएस की बैठक करने हेतु भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
उप जिला अस्पताल के नए भवन के निर्माण हेतु टेंडर/वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया को भी गति देते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने हेतु जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला अस्पताल परिसर में वेटिंग एरिया में टूटी हुई कुर्सियां आदि देख कर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए इन्हें हटाने और वेटिंग एरिया को सुव्यवस्थित करने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिये। अनावश्यक सामग्री की नियमानुसार निलामी कर इनके निस्तारण के निर्देश भी उन्होंने दिए।
जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल के उप जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम बृजेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार कमलदीप पूनिया, बीसीएमओ डॉ. तेजपाल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन लता कटेवा सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।





