चिड़ावा (झुंझुनूं)। उप जिला अस्पताल चिड़ावा में नए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के रूप में डॉ. नितेश जांगिड़ ने पदभार संभाल लिया है। उनके कार्यभार ग्रहण समारोह में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता दर्ज कर स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने इस नियुक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. नितेश जांगिड़ ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को समय पर और गुणवत्ता युक्त इलाज उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने टीमवर्क पर बल देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तभी बेहतर हो सकती है जब अस्पताल का प्रत्येक कर्मचारी समर्पण भाव से कार्य करे।
उन्होंने यह भी बताया कि वे अस्पताल में समय-समय पर कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाएंगे, ताकि सभी स्वास्थ्यकर्मी अपनी कार्यदक्षता और सेवा स्तर में निरंतर सुधार कर सकें। इसके साथ ही, अस्पताल की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक तरूण जोशी, सतीश भगासरा, नेहा सुथार, जयप्रकाश धायल, नरेंद्र तेतरवाल, सरोज पायल, अनिता पायल, टिना ढाका, मनोज जानू, भानू प्रकाश भास्कर, संदीप शर्मा और संदीप जांगिड़ सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। वहीं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े महेंद्र मोदी, संजय शास्त्री, विक्रम कस्वा, निखिल मावंडिया, पूजन सैनी, मनिष धाबाई, कर्मवीर श्योराण, एडवोकेट विक्रम सिंह शेखावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक शर्मा और पूर्व सरपंच अमरसिंह तंवर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि डॉ. जांगिड़ के नेतृत्व में चिड़ावा उप जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में नया बदलाव आएगा और क्षेत्र के मरीजों को अब पहले से अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
डॉ. जांगिड़ ने अपने संबोधन में कहा कि वे सभी के सहयोग से अस्पताल को एक उदाहरणीय संस्था के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। मरीजों की संतुष्टि और सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।