सूरजगढ़:घरड़ाना खुर्द गांव के पहले एमबीबीएस डॉक्टर सुरेश कुमार केडिया का उनके पैतृक विद्यालय पीएमश्री महात्मा गांधी बलिदानी कुलदीप सिंह राजकीय विद्यालय में सम्मान किया गया। डॉक्टर सुरेश केडिया ने 45 वर्ष पूर्व बीकानेर मेडिकल कॉलेज से अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में रांची, झारखंड में रहते हैं। विद्यालय परिसर में पत्नी कुसुम केडिया के साथ पहुंचे डॉक्टर दंपति का स्वागत माल्यार्पण और साफा पहनाकर किया गया।
पुरानी यादों से भावुक हुए डॉक्टर दंपति
डॉ सुरेश केडिया ने कहा कि उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई इसी विद्यालय से की थी और आज 55 साल बाद यहां लौटकर उन्हें अपने बचपन और गांव की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने विद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, सरस्वती मंदिर और बाल वाटिका कक्ष का अवलोकन किया और कहा कि सरकारी विद्यालय में इतनी उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलना गर्व की बात है।
विद्यालय को ₹51,000 का सहयोग
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर सुरेश केडिया ने विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए ₹51,000 की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह योगदान मातृभूमि और शिक्षा के प्रति उनका छोटा सा कर्तव्य है।
प्रधानाचार्य और जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
प्रधानाचार्य दीपचंद लाखवान ने कहा कि डॉ सुरेश केडिया गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उनकी राह पर चलते हुए आज गांव के 100 से अधिक युवा एमबीबीएस और एमडी डॉक्टर बन चुके हैं। इस अवसर पर ईश्वर सिंह राव, हरदयाल सिंह राव, कुसुम केडिया ने भी संबोधित किया।
गांववासियों ने सराहा योगदान
ग्राम विकास समिति अध्यक्ष ईश्वर सिंह राव, एसडीएमसी सदस्य हरदयाल सिंह, शिक्षक सरिता कुमारी, शारदा, और ग्रामीणों ने डॉक्टर दंपति का स्वागत कर आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र तंवर ने किया।





