चिड़ावा (झुंझुनूं): राजस्थान गौपालन विभाग के निदेशक प्रहलाद नागा ने बुधवार को चिड़ावा की प्रतिष्ठित श्री कृष्ण गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई, चारे की उपलब्धता, जल प्रबंधन और पशु आहार की गुणवत्ता की गहनता से जांच की और व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया।
निरीक्षण के समय निदेशक ने गौशाला में स्थापित आधुनिक फोगर सिस्टम को विशेष रूप से उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की तकनीक गौवंश के लिए राहतकारी है और अन्य गौशालाओं को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला समिति के व्यवस्थापक सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष राहुल भीमराजका, उप-मंत्री नरोत्तम मोदी, सदस्य सत्येंद्र कौशिक, उमेश चौधरी, संदीप मालानी और अध्यक्ष परस राम सूरजगढ़िया मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने निदेशक का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश सिंगला भी मौजूद रहे। उन्होंने निदेशक के साथ मिलकर गौवंश की चिकित्सा सेवाओं, उनकी देखभाल और कल्याण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। निदेशक ने संस्था की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे अन्य गौशालाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए सुझाव दिए कि आने वाले समय में गौशाला को और अधिक आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सुसज्जित बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएं।





