सिंघाना: थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर जाटान स्थित गोगाजी मंदिर से छत्तर चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस घटना ने पूरे गांव में आक्रोश पैदा कर दिया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और ग्रामीणों के सहयोग से चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रायपुर जाटान निवासी विधाधर ने सिंघाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर गोगाजी मंदिर परिसर से छत्तर चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस से गहन जांच व चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
पुलिस टीम ने सिंघाना, मोई, भैंसावता, रायपुर जाटान, घरडाना कलां, ठिचोली, बनवास, खेतड़ी नगर, नानुवाली बावड़ी और खरखड़ा सहित कई संभावित इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार जसरापुर गांव से आरोपी असमान बंजारा को दस्तयाब किया गया। अनुसंधान में जुर्म प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी असमान बंजारा, उम्र 18 वर्ष, जसरापुर निवासी है और खेतड़ी नगर थाना क्षेत्र से संबंध रखता है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में सिंघाना थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जांच के दौरान रायपुर जाटान के ग्रामीणों ने भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देकर पुलिस को सहयोग किया, जिससे आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका। पुलिस ने ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना की है।




