गुढागौड़जी: हत्या के प्रयास के मामले में तीन साल से फरार चल रहा 5000 रुपये का इनामी अपराधी संजय धायल उर्फ संजू आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। गुढागौड़जी थाना पुलिस ने डीएसटी टीम सीकर की मदद से उसे रिंगस से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
हत्या के प्रयास के मामले से जुड़ा आरोपी
मार्च 2022 में गुढागौड़जी निवासी करण सिंह के साथ कुछ लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला किया था। इस वारदात में विनोद कुमार, धर्मा जाखड़, राजु मंडीवाल, मनोज जांगिड और विकास चौधरी सहित कई लोग शामिल थे। आरोपियों ने पीड़ित को कैंपर गाड़ी में डालकर बेरहमी से पीटा और गोली चलाकर दहशत भी फैलाई। पीड़ित को गंभीर हालत में जयपुर एसएमएस ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था।
डीएसटी टीम सीकर की मदद से गिरफ्तारी
घटना के बाद से संजय धायल उर्फ संजू फरार चल रहा था। झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृताधिकारी राजवीर सिंह के सुपरविजन में गठित टीम ने आरोपी को सीकर से दस्तयाब किया।
टीम ने मिलकर किया ऑपरेशन सफल
गुढागौड़जी थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में दारासिंह, हरेंद्र कुमार और मनोज कुमार ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने लगातार आसूचना जुटाई और सही समय पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
कई मामलों में पहले से वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय धायल उर्फ संजू के खिलाफ 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार होकर गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी राहत मिली है और अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है।





