खेतड़ी: झुंझुनूं 108 एंबुलेंस टीम की ओर से गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के सलाहकार व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच को दिया गया। इसके साथ ही नगरीय विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा तथा खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर को भी ज्ञापन सौंपकर संविदा नर्सिंग कार्मिकों की समस्याओं से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत NHM, NEHM, संविदा, निविदा, UTB, प्लेसमेंट एजेंसी, PPP मोड, MRS, NGO, 108, 104-ममता, MMU, MMV और जनता क्लिनिक में हजारों कार्मिक लंबे समय से अल्प वेतन पर सेवाएं दे रहे हैं। कई कार्मिकों को कार्य करते हुए 8 से 10 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है, जिसके चलते वे आयु के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं।
टीम ने मांग की कि पूर्व की भांति वर्ष 2013, 2018 एवं 2023 की तर्ज पर तथा चिकित्सा नियम 1965 के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर के 12,000 और एएनएम के 7,000 पदों पर शीघ्र भर्ती विज्ञापन जारी किया जाए। भर्ती प्रक्रिया में मेरिट के साथ 10, 20 और 30 बोनस अंकों का प्रावधान किया जाए, ताकि वर्षों से कार्यरत संविदा नर्सिंग कार्मिकों को नियमित होने का अवसर मिल सके और सरकार का संविदा नर्सेज को नियमित करने का वादा भी पूरा हो।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में संविदा कर्मचारी अत्यंत कम वेतन में कार्य करने को मजबूर हैं, जिससे वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हैं। ऐसे में उनके हितों और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए भर्तियों में प्राथमिकता और प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन देने वालों में कुशल वर्मा, वीर सिंह राठौर, सज्जन सिंह, अंकित निर्मल, हेमराज, भंवर लाल और अनीश खान उपस्थित रहे।





