खंडवा, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। नागपुर से इंदौर जा रही एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर ठिठिया जोशी गांव के पास आबना नदी के पुल से नीचे गिर गई। हादसे में 18 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना खंडवा-देड़तलाई राजमार्ग पर सुबह करीब 5 बजे घने कोहरे और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण हुई। बस की गति धीमी होने के कारण यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस नीचे गिरी, जोरदार आवाज के साथ यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई दी।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
बस के गिरते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। बस के पलटने के बाद यात्री अंदर फंस गए थे। ग्रामीणों ने बस के इमरजेंसी गेट का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
13 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों से करीब 13 एंबुलेंस दुर्घटनास्थल पर भेजी गईं। रामनगर चौकी प्रभारी मनोज दवे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सिविल सर्जन ने दी जानकारी
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि घायलों में अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं। दो यात्रियों को सिर में चोट लगी है, लेकिन उनकी हालत भी स्थिर है। सभी का इलाज अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ की देखरेख में किया जा रहा है।
ब्लैक स्पॉट पर हुआ हादसा
हादसे का स्थान पुलिस रिकॉर्ड में ब्लैक स्पॉट के रूप में दर्ज है। यह क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है, लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा उपायों में सुधार नहीं किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में बार-बार हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
बस की स्थिति और चालक की गलती
दुर्घटना का शिकार हुई बस नागपुर से इंदौर जा रही रातरानी स्लीपर बस (क्रमांक एमपी 09 एफए 8096) थी। बताया जा रहा है कि चालक ने अंधे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस नदी के पुराने पुल की ओर फिसलकर पलट गई।