अमेरिका: फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए सोशल मीडिया पर 1 बिलियन यानी 100 करोड़ फॉलोअर्स प्राप्त किए हैं। वह दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं, जिन्होंने यह कीर्तिमान स्थापित किया है। रोनाल्डो ने इस सफलता की जानकारी अपने तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स से साझा की और इस महत्वपूर्ण क्षण को अपने फैंस के साथ सेलिब्रेट किया। उन्होंने एक पोस्टर जारी करते हुए लिखा, “वन बिलियन ड्रीम्स, वन जर्नी,” और अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।
इस खास मौके पर रोनाल्डो ने कहा, “यह परिवार सिर्फ फुटबॉल के प्रति प्यार और जुनून की वजह से खड़ा हुआ है।” उन्होंने इस मुकाम तक पहुँचने के लिए एक विशेष सोशल मीडिया कैंपेन भी चलाया, जिससे उन्हें जबरदस्त समर्थन मिला।
सोशल मीडिया पर रोनाल्डो के फॉलोअर्स की संख्या
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल ‘Ur Cristiano’ की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े। सिर्फ 90 मिनट के अंदर वह 1 मिलियन सब्सक्राइबर्स हासिल करने वाले सबसे तेज क्रिएटर बन गए। इसके बाद 12 घंटों में उन्होंने 10 मिलियन सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार किया। फिलहाल उनके यूट्यूब पर 60.5 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं।
इंस्टाग्राम पर रोनाल्डो के 638 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उनके 113 मिलियन और फेसबुक पर 170 मिलियन फॉलोअर्स हैं। चीन के वीबो पर उनके 7.3 मिलियन और कुआइशौ पर 9.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इस प्रकार, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म्स पर रोनाल्डो के फॉलोअर्स की संख्या निरंतर बढ़ रही है और वह इस क्षेत्र में सबसे बड़े आइकन बनकर उभरे हैं।
900 गोल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
सोशल मीडिया पर 1 बिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा छूने के अलावा, क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाल ही में फुटबॉल के मैदान पर भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नेशंस लीग के दौरान क्रोएशिया के खिलाफ एक गोल करते हुए रोनाल्डो ने अपने करियर का 900वां गोल दागा। इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले फुटबॉलर बने। 39 वर्षीय रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय और क्लब फुटबॉल में अब तक 900 से ज्यादा गोल किए हैं।
रोनाल्डो ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 132 गोल किए हैं, जो उन्हें इस श्रेणी में शीर्ष पर रखता है। क्लब स्तर पर उन्होंने रियल मेड्रिड के लिए 458 गोल, मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 145 गोल, जुवेंटस के लिए 101 गोल, और वर्तमान में अल-नस्सर के लिए 68 गोल किए हैं। इसके अलावा, अपने करियर की शुरुआत करने वाले क्लब, स्पोर्टिंग लिस्बन के लिए उन्होंने 5 गोल किए थे।
उनके लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी, जिनके नाम 859 गोल हैं, सबसे ज्यादा गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर हैं।