सुल्ताना: राजस्थान पुलिस में अपने ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कार्य के लिए जाने जाने वाले विजय कुमार को हैड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति मिल गई है। सुलताना पुलिस थाने में कार्यरत विजय कुमार की इस उपलब्धि से परिवार, सहयोगियों और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला है।
विभागीय चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय कुमार ने हैड कांस्टेबल के पद पर नई जिम्मेदारी हासिल की। वर्षों से वह अपने कर्त्तव्य का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते आए हैं। पुलिस सेवा में उनके अनुशासन और समर्पण को देखते हुए यह प्रमोशन पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है।
जैसे ही पदोन्नति की सूचना थाने पर पहुंची, पुलिस कर्मियों और परिचितों ने विजय कुमार को बधाइयां देनी शुरू कर दीं। घर पर भी शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया। बलबीर नेहरा ने फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर विजय कुमार का सम्मान किया तथा उज्जवल भविष्य की कामना की।
विजय कुमार अब हैड कांस्टेबल की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नई भूमिका में भी वह अपने कार्य से पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका अब और महत्वपूर्ण हो जाएगी।




