चिड़ावा, 25 मई 2025: महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), ओजटू के विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कला वर्ग की छात्रा विधि कुमावत ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया, वहीं विज्ञान वर्ग में प्रिंस सैनी ने 93.40 प्रतिशत तथा मनीष ने 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

विधि कुमावत, विद्याधर कुमावत की पुत्री है, जिसने 12वीं कला वर्ग में 96.20 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विज्ञान वर्ग में राजेश कुमार सैनी के पुत्र प्रिंस सैनी ने 93.40 प्रतिशत और विजय सिंह के पुत्र मनीष ने 91.20 प्रतिशत अंक अर्जित किए। तीनों विद्यार्थियों ने अपने मेहनत और समर्पण से सफलता की मिसाल पेश की है।
परीक्षा परिणाम के उपरांत विद्यालय प्रशासन द्वारा एक सादे समारोह में इन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय स्टाफ ने मिठाई खिलाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सफलता को मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई कर ऊंचाइयों को छूना चाहते हैं।
विद्यालय की इस सफलता से स्थानीय ग्रामीणों में सरकारी स्कूल के प्रति विश्वास और बढ़ा है। आगामी सत्र में अधिक नामांकन की संभावना जताई जा रही है।