बुहाना, 15 दिसंबर। राष्ट्रीय जाट महासंघ ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में झारोडा और बुहाना में विरोध प्रदर्शन किया। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र क्यामसरिया के निर्देशानुसार यह प्रदर्शन बुहाना ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह बिर्माण के नेतृत्व में आयोजित हुआ। प्रदर्शन में ग्रामीणों ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अविश्वास प्रस्ताव को किसान का अपमान बताया।
“राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित प्रस्ताव,” विरोध में आंदोलन की तैयारी
ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह ने कहा, “हम किसी राजनीतिक दल के समर्थक नहीं हैं, लेकिन अच्छे कार्य का समर्थन करते हैं। तुलनात्मक दृष्टि से देखा जाए तो राज्यसभा संचालन में जगदीप धनखड़ का कार्यकाल सर्वश्रेष्ठ रहा है। उन्होंने निष्पक्षता और किसान का गौरव बढ़ाया है। इसके बावजूद, राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित होकर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है, जो किसान समुदाय का अपमान है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष ने इस प्रस्ताव का समर्थन वापस नहीं लिया तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि विपक्ष का यह कदम न केवल उपराष्ट्रपति का बल्कि पूरे किसान समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव किसानों को स्वीकार नहीं होगा और इसके विरोध में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी
प्रदर्शन में झारोडा और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर सरपंच मनोज कुमार, अशोक बलवदा, बलवीर शर्मा, नवदीप बलवदा, अखलेश कुमार, राजकुमार सेठ, मनोज बलवदा, बिनोद बागोरिया, प्रसादाराम बलवदा, सुनील बलवदा, रमेश बलवदा और हरपाल बडेसरा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
महासंघ ने दी चेतावनी
राष्ट्रीय जाट महासंघ ने विपक्षी दलों से अपील की है कि वे इस अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन वापस लें। महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि यह प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में विरोध और तेज होगा।
समाज ने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान का अपमान सहन नहीं किया जाएगा और इसका विरोध हर स्तर पर किया जाएगा।