उदयपुरवाटी, 20 फरवरी – उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित बूढ़ वाले बालाजी धाम आश्रम में संगीतमय राम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा एक विशाल कलश यात्रा भी निकाली गई।
गुरुवार को नौरंगपुरा से बूढ़ वाले बालाजी धाम तक महिलाओं द्वारा एक ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं गाजे-बाजे के साथ मंगल गीत गाते हुए और नृत्य करते हुए चल रही थीं। इस भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
बूढ़ वाले बालाजी धाम आश्रम में विधि विधान से पूजा अर्चना कर श्री राम कथा का शुभारंभ किया गया। कथावाचक महाराज को बूढ़ वाले बालाजी सेवा समिति के सदस्यों ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंदिर सेवा समिति के सदस्य और अन्य महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्री राम कथा का श्रवण किया और भगवान राम के जीवन चरित्र का आनंद लिया।