चिड़ावा: शहर में शुक्रवार दोपहर उस समय लोगों की नजरें आसमान की ओर टिक गईं, जब लगातार उड़ते सेना के हेलिकॉप्टरों ने पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का माहौल बना दिया। करीब 15 मिनट के भीतर एक के बाद एक तीन हेलिकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरे, जिससे स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों में उत्सुकता साफ दिखाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सबसे पहले एक हेलिकॉप्टर ने शहर के ऊपर से उड़ान भरी। इसके कुछ ही मिनटों के भीतर दो अन्य हेलिकॉप्टर भी उसी रूट से गुजरते नजर आए। लगातार होती आवाज़ और कम ऊंचाई पर उड़ान के कारण लोग घरों, दुकानों और सड़कों पर रुककर आसमान की ओर देखने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी हेलिकॉप्टर पिलानी की दिशा से उड़ते हुए चिड़ावा शहर के ऊपर से गुजरे और आगे सुलताना की ओर रवाना हो गए। उड़ान का पैटर्न एक जैसा होने से यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई आकस्मिक उड़ान नहीं बल्कि पूर्व नियोजित सैन्य मूवमेंट हो सकता है।
हेलिकॉप्टरों की लगातार उड़ान के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे सेना का अभ्यास, तो कुछ ने सामरिक गतिविधि से जोड़कर देखा। कई नागरिकों ने हेलिकॉप्टरों के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए।
समाचार लिखे जाने तक हेलिकॉप्टरों की उड़ान को लेकर किसी भी विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। हालांकि जिस तरह से तीनों हेलिकॉप्टर एक ही रूट पर उड़ते नजर आए, उससे यह संकेत मिलता है कि यह नियमित सैन्य अभ्यास या किसी रणनीतिक मूवमेंट का हिस्सा हो सकता है।





