नई दिल्ली, 17 सितंबर 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज शाम साढ़े 4 बजे राजनिवास पहुंचकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली की आगामी मुख्यमंत्री आतिशी और उनकी पूरी कैबिनेट भी उपस्थित थी। इस्तीफा सौंपने के बाद, केजरीवाल ने उपराज्यपाल को विधायक दल की चुनी हुई नेता आतिशी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित कर दिया।
जेल से बाहर आने के बाद कुर्सी छोड़ने की घोषणा
अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लगभग छह माह तक तिहाड़ जेल में बंद रहने के बाद 13 सितंबर को जमानत पर बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री पद छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि जब तक लोग उन्हें ईमानदारी का प्रमाणपत्र नहीं देंगे, तब तक वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।
कैबिनेट के अन्य सदस्य
इस अवसर पर केजरीवाल के साथ कैबिनेट के मंत्री गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन, और सौरभ भारद्वाज भी थे। इस्तीफा सौंपने के बाद, केजरीवाल राजनिवास से बाहर आए और मीडिया से बिना बात किए वहां से निकल गए।
नई मुख्यमंत्री आतिशी के बारे में
दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक आतिशी आम आदमी पार्टी की एक प्रमुख नेता हैं। वर्तमान में, वे शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
आतिशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल से प्राप्त की और सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास में दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद, उन्होंने Chevening scholarship पर मास्टर डिग्री के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय का रुख किया। कुछ वर्षों बाद, उन्होंने रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से शिक्षा में अपनी दूसरी मास्टर डिग्री प्राप्त की।