पिलानी: गांव मोरवा में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को उत्सव और श्रद्धा के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके परिजनों का सम्मान किया गया, वहीं ग्रामीणों, युवाओं और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
ग्राम मोरवा में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी जयंती कार्यक्रम का आयोजन भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं स्वच्छ भारत जिला संयोजक संदीप पारीक के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, सुशासन की अवधारणा और उनके विचारों को विस्तार से साझा किया गया। संदीप पारीक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन देशभक्ति, लोकतंत्र और विकास की प्रेरणा है, जिसे आज की पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद रामू सिंह और कैप्टन धनवंत शर्मा को श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग, समर्पण और साहस को नमन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने शहीदों की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
अटल बिहारी वाजपेयी जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकार निभाते हुए सरकारी संस्थानों में फल, फ्रूट और बिस्किट का वितरण भी किया गया। इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे जनसेवा की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच रामू सिंह, बीडीसी महेश जगत सिंह, सुमन लता, ईश्वर सिंह, मुकेश शर्मा, राजेश सिंह, मदन वर्मा, गोवर्धन, मदन शर्मा, प्रमोद और कमलकांत शर्मा की उपस्थिति रही। इसके साथ ही सोसाइटी मंडल अध्यक्ष सुशील पारीक, किसान मोर्चा ग्रामीण मंडल संयोजक संतोष, बूथ अध्यक्ष दुष्यंत प्रताप शर्मा और जयवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। संदीप पारीक ने सभी उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी देश की राजनीति और समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।





