Wednesday, February 18, 2026
Homeसूरजगढ़सूरजगढ़ में अपराध पर सख्त एक्शन: एसपी की सीएलजी बैठक में बड़ा...

सूरजगढ़ में अपराध पर सख्त एक्शन: एसपी की सीएलजी बैठक में बड़ा ऐलान, स्वामी सेही व घरडू में जल्द खुलेगी अस्थाई पुलिस चौकी!

सूरजगढ़: क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, साइबर क्राइम और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय की अध्यक्षता में सीएलजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, भू-माफियाओं के खिलाफ सख्ती और गांवों में विशेष गश्त बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। स्वामी सेही और घरडू चौराहे पर अस्थाई पुलिस चौकी खोलने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई, जिस पर पुलिस प्रशासन ने सकारात्मक संकेत दिए।

सूरजगढ़ सीएलजी बैठक में पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए और आमजन के साथ पुलिस का व्यवहार सौहार्दपूर्ण रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस की किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

बैठक में साइबर अपराध रोकने के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। साथ ही भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई, काले शीशे और गाटर लगी गाड़ियों पर अभियान चलाने तथा कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

सीएलजी मीटिंग के दौरान स्वामी सेही सरपंच ईश्वर सिंह पुनिया ने गांव में बढ़ते अपराध, असामाजिक तत्वों और शराबी लोगों द्वारा उत्पात मचाने की समस्या को उठाते हुए स्वामी सेही में अस्थाई पुलिस चौकी खोलने की मांग रखी। इसके साथ ही घरडू चौराहे पर भी अस्थाई चौकी, तथा बलौदा और उरीका चौकी को स्थाई करने की मांग ग्रामीणों द्वारा दोहराई गई। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में ग्रामीणों ने रात आठ बजे के बाद खुले रहने वाले शराब ठेकों को लेकर भी आपत्ति जताई और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि देर रात शराब बिक्री से असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।

सीएलजी बैठक के दौरान ग्रामीणों ने चिड़ावा वृताधिकारी विकास धींधवाल के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के कार्यभार संभालने के बाद थाना क्षेत्र में व्यवस्थाओं में सुधार और अपराधियों में भय का माहौल बनने की बात भी कही गई।

बैठक में स्वामी सेही के सरपंच ईश्वर सिंह पुनिया, जीनी के सरपंच अमिलाल, अगवाना सरपंच प्रतिनिधि चरणसिंह लुणायच, सरपंच प्रतिनिधि सुनील, सूरजगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी राजू सैन, बरासिया कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रवि शर्मा, जीवन ज्योति संस्थान के संचालक अशोक जांगिड़, टैगोर स्कूल से बलवान भास्कर, अनिता पुनिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सीएलजी मीटिंग के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला। स्वामी सेही क्षेत्र में जल्द पुलिस चौकी खुलने की संभावना से लोगों में भरोसा बढ़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता से असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर जल्द ही प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!