सूरजगढ़: मंगलवार को कस्बे में कोर्ट परिसर के सामने दिनदहाड़े हुई कार में तोड़फोड़ और चोरी की घटना ने प्रशासन और जनता की चिंता बढ़ा दी है। कार मालिक सज्जन कुमार ने बताया कि उनकी क्रेटा कार में रखे 5 लाख रुपए का बैग चार अज्ञात युवकों ने कार में तोड़फोड़ कर चुरा लिया। पीड़ित ने सूरजगढ़ पुलिस के तीन कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अभिभाषक संघ ने भी सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सज्जन कुमार और उनके भाई प्यारेलाल मंगलवार को तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री करवाने पहुंचे थे। उनकी क्रेटा कार गेट के सामने खड़ी थी, जिसमें रजिस्ट्री के लिए 5 लाख रुपए रखे थे। वे किसी काम से क्रेटा कार को वहीं छोड़कर दूसरे वाहन से चिड़ावा चले गए। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार आकर खड़ी हुई और उसमें से चार युवक उतरे। उन्होंने कार में तोड़फोड़ की और बैग लेकर फरार हो गए। घटना से न केवल पीड़ित बल्कि कोर्ट परिसर में उपस्थित लोगों में भी हड़कंप मच गया।
सज्जन कुमार ने आरोप लगाया कि सूरजगढ़ थाने में तैनात दो पुरुष कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल की सह पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस के इस कथित लापरवाही और संलिप्तता की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सूरजगढ़ कोर्ट परिसर में हुई इस तोड़फोड़ व चोरी के विरोध में अभिभाषक संघ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। संघ ने SDM और झुंझुनूं एसपी को ज्ञापन देकर कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अभिभाषक संघ का कहना है कि कोर्ट परिसर में इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और सुरक्षा में गंभीर सुधार जरूरी है।





