सूरजगढ़: क्षेत्र के लिए यह गौरव का क्षण है जब निकटवर्ती ग्राम कुम्हारों का बास निवासी प्रियंका जाखड़ का चयन सीआईडी (क्राइम इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट) में हुआ है। राजस्थान पुलिस की प्रतिष्ठित सेवा में चयन की खबर सामने आते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रियंका जाखड़ की इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण प्रतिभा और मेहनत की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रियंका जाखड़ के सीआईडी में चयन होने पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी के नेतृत्व में ग्राम कुम्हारों का बास में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर काजड़ा प्रशासक मंजू तंवर, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील गांधी, उप-सरपंच राकेश कुमार मनीठिया, शिक्षाविद् और समाजसेवी मनजीत सिंह तंवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में प्रियंका जाखड़ को पुष्पमाला पहनाकर, शॉल, दुपट्टा और साफा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर खुशियां साझा की गईं।
काजड़ा पंचायत की ओर से प्रशासक मंजू तंवर ने प्रियंका जाखड़ को शॉल ओढ़ाकर पंचायत स्तर पर बधाई दी और कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। आदर्श समाज समिति की ओर से भी प्रियंका की उपलब्धि को ग्रामीण बेटियों के लिए मार्गदर्शक बताया गया। कार्यक्रम के दौरान धर्मपाल गांधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘आजादी की राहों में’ प्रियंका जाखड़ को भेंट की गई, जिसे एक प्रेरक क्षण के रूप में देखा गया।

प्रियंका जाखड़ के पिता रघुवीर जाखड़ ने बेटी की सफलता पर भावुक होते हुए कहा कि उनके दोनों पुत्र पहले से ही राजकीय सेवा में कार्यरत हैं, जबकि प्रियंका सबसे छोटी होने के बावजूद पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही है। उन्होंने बताया कि प्रियंका का एक साथ सीआईडी और राजस्थान पुलिस टेलीग्राम विभाग में चयन हुआ है, हालांकि वह सीआईडी जॉइन करेगी। रघुवीर जाखड़ ने इसे परिवार और गांव दोनों के लिए दोहरी खुशी का अवसर बताया।
इस अवसर पर सत्यवीर जाखड़, मनजीत सिंह तंवर, राकेश कुमार मनीठिया, दरिया सिंह डीके, प्यारेलाल चाहर, चौथमल खाटीवाल, राजू जाखड़, शिशपाल चाहर, जयसिंह मनीठिया, घड़सीराम, श्योपाल चाहर, महावीर जाखड़, दिनेश सांगवान, सुभाष जाखड़, विनोद जाखड़, सजना देवी, प्रमिला देवी, सुशीला, सुनीता, मुस्कान, प्रीति जाखड़, प्रिया जाखड़, उमेश जाखड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में रघुवीर जाखड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।
प्रियंका जाखड़ का सीआईडी में चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह ग्रामीण बेटियों के लिए सरकारी सेवा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी है। यह सफलता शिक्षा, संघर्ष और पारिवारिक समर्थन की मजबूत नींव को दर्शाती है।





