सुलताना, 17 मई 2025: क्षेत्र के क्यामसर गांव में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। घटना करीब रात 3 बजे की बताई जा रही है, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार एक युवक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक युवक की पहचान गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय अक्षय कौशिक पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है, जबकि महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार कार दिल्ली नंबर की थी और संभवतः तेज गति के कारण मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुलताना थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाल कर चिड़ावा उप जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतक अक्षय के परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई परिजनों के आने के बाद की जाएगी। तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ते हादसों को लेकर स्थानीय लोग भी चिंतित नजर आए।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण अत्यधिक गति और मोड़ पर नियंत्रण न बन पाना बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा महिला की पहचान के प्रयास भी जारी हैं