चिड़ावा: शहर में जगन्नाथ रथ यात्रा 2025 की शुरुआत भक्तिमय माहौल के साथ हो गई है। राम अमृतवाणी ग्रुप की टोली ने नगर सेठ कल्याण प्रभु मंदिर से ठाकुर जी को निमंत्रण देकर घर-घर जाकर आमंत्रण देने की जिम्मेदारी उठाई है। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
चिड़ावा नगर सेठ कल्याण प्रभु मंदिर में ठाकुर जी को पुजारी अशोक पुजारी और प्रदीप पुजारी के सहयोग से निमंत्रण पत्र और पीले चावल अर्पित किए गए। मंदिर के महंत द्वारा पूजा-अर्चना कर रथ यात्रा अभियान की शुभ शुरुआत की गई।
राम अमृतवाणी ग्रुप परिवार ने शहरभर में भक्तों तक निमंत्रण पहुंचाने का बीड़ा उठाया। इस टीम में शंभु पुजारी, ओमप्रकाश जालिंद्रा, राजकुमार जिसपाल, ताराचंद चेजारा, मनोज फतेहपुरिया, सुमित जिसपाल, सुशील शर्मा और वंश समेत कई भक्त शामिल रहे।

महिला श्रद्धालुओं में बबिता जिसपाल, सुनीता शर्मा, माया शर्मा, रिया, निधि, सुमन जांगिड़ और रमेश यादव उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने श्रद्धा और भक्ति के भाव के साथ यात्रा में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया।
रथ यात्रा के नजदीक आते ही श्रद्धालुओं की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। नगर में धार्मिक आयोजनों और कीर्तन का सिलसिला तेज हो रहा है। अनुमान है कि इस बार यात्रा में काफी बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे, जिससे चिड़ावा का वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर रहेगा।




