पिलानी: कस्बे में बिरला पब्लिक स्कूल ने 4 फरवरी, 2026 को हेरिटेज वॉल का भव्य उद्घाटन किया। मेजर जनरल (अवकाश प्राप्त) एस एस नायर, अति विशेष सेवा मेडल ने उद्घाटन कर छात्रों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। हेरिटेज वॉल और पाथवे पर बनाए गए सुंदर कला चित्रों ने स्कूल के माहौल को और आकर्षक बना दिया। इस आयोजन ने छात्रों की रचनात्मकता और विद्यालय के सांस्कृतिक इतिहास को एक नई पहचान दी।
बिरला पब्लिक स्कूल पिलानी में सुबह 10 बजे बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के निदेशक मेजर जनरल (अवकाश प्राप्त) एस एस नायर के आगमन पर प्राचार्या काजल मारवाह ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात निदेशक ने फीता काटकर हेरिटेज वॉल का उद्घाटन किया। इस हेरिटेज वॉल में स्कूल के प्रारंभिक दिनों के पूर्व छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स को नए माउंट और फ्रेम में प्रदर्शित किया गया, जिससे विद्यालय की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का अद्वितीय प्रयास सामने आया।
निदेशक एस एस नायर ने विद्यालय के अंदर सड़क के दोनों किनारों पर बनाए गए फुटपाथ पर छात्रों द्वारा बनाई गई प्रकृति आधारित कला चित्रों का अवलोकन किया। यह प्रतियोगितात्मक अभियान था, जिसमें छात्रों ने स्टैंसिल और विभिन्न रंगों के संयोजन से अपने-अपने सदनों के सामने बने पाथवे को आकर्षक बनाया। इस पहल में कला शिक्षक प्रवीण केदार और अश्वनी केदार का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने छात्रों को मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के एकेडमिक कोऑर्डिनेटर मनोरंजन कुमार, बर्सर महेश चंद्र पांडे, मुकेश जिले सिंह सहित अन्य शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय और संयोजन प्रवीण केदार ने किया, जिनकी देखरेख में छात्रों ने न केवल कलात्मक चित्र बनाए बल्कि विद्यालय के परिवेश को भी और जीवंत बनाया।





