चिड़ावा: थाना क्षेत्र के श्योपुरा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बस स्टैंड के सामने स्थित एक खेत में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान गोदारा का बास निवासी कुलदीप के रूप में हुई है। खेत में संदिग्ध हालात में शव मिलने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चिड़ावा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह चिड़ावा के ग्राम श्योपुरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने बस स्टैंड के सामने स्थित एक खेत में झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। यह खेत गोदारा का बास निवासी कुलदीप का बताया जा रहा है। शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कुलदीप पुत्र सज्जन सिंह, निवासी गोदारा का बास के रूप में हुई है। कुलदीप सुबह शाम अपना खेत संभालने आता रहता था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम से कुलदीप से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद अगली सुबह खेत में शव मिलने की सूचना मिली। कुलदीप विवाहित था और उनकी एक 11 वर्षीय बेटी भी है।
सूचना मिलते ही चिड़ावा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।
शव को चिड़ावा स्थित उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कुलदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
पुलिस का कहना है कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा घटनास्थल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।





