पिलानी: नगरपालिका सभागार में बुधवार को रबी मौसम पूर्व एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मोरवा, डूलानिया, पीपली, दूदी, दूधवा, हमीनपुर, गाडोली, बनगोठड़ी, खुडानिया, बेरी, लिखवा, छापड़ा, खेड़ला, झेरली, बजावा और देवरोड़ सहित आसपास के गांवों के करीब 100 किसानों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रबी सीजन की तैयारी, आधुनिक खेती तकनीक और आत्मा योजना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना रहा।
उपनिदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) शीशराम जाखड़ ने किसानों को आत्मा योजना के तहत चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को पुरस्कार, भ्रमण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
प्रमोद कुमार ने किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी के उपयोग की सलाह दी और कहा कि किसान केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से बीज, उर्वरक और कीटनाशक खरीदें तथा बिल अवश्य लें ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
कृषि अनुसंधान अधिकारी अनुपम महर्षि ने रबी फसलों में बीजोपचार और रोग-कीट नियंत्रण की जानकारी दी।
वहीं पशुपालन विभाग से सत्यवीर सिंह दलाल ने किसानों को पशु मंगला योजना, बीमा योजना और रोग रोकथाम उपायों के बारे में बताया।
चतर सिंह भालोठिया ने उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की, जबकि जोगेंद्र सिंह ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
गोष्ठी के अंत में प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को इनाम और आत्मा योजना के तहत प्रमाणपत्र दिए गए। इस अवसर पर कृषि पर्यवेक्षक देशराज लिखवा, अशोक सिहाग खुडानिया, रणसिंह गुर्जर दुधवा, विजेंद्र सागवान भगीना, रणसिंह पूनिया बेरी और प्रगतिशील किसान मुकेश कुमार मांजू सहित कई किसान मौजूद रहे।
किसानों ने कहा कि इस तरह की कृषक गोष्ठियां खेती की नई तकनीकों को समझने में मददगार होती हैं। इससे रबी सीजन में उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने के लिए व्यावहारिक सुझाव मिलते हैं।
पिलानी कृषक गोष्ठी, रबी फसल जानकारी, आत्मा योजना झुंझुनूं, झुंझुनूं किसान प्रशिक्षण, पिलानी कृषि विभाग, शीशराम जाखड़, प्रमोद कुमार आत्मा, अनुपम महर्षि कृषि अधिकारी, सत्यवीर सिंह दलाल पशुपालन, चतर सिंह भालोठिया उद्यान विभाग, रबी सीजन राजस्थान, प्रगतिशील किसान पिलानी






