पिलानी: लोहारू बाईपास स्थित बसंत विहार से शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भव्य निशान पदयात्रा का आयोजन हुआ। धार्मिक यात्रा बसंत धाम, पिलानी से प्रारंभ होकर मलवाणा धाम, लोहारू तक पहुंची। बसंत धाम के पुजारी सुनील शर्मा ने बताया कि पदयात्रा दोपहर करीब 3:15 बजे रवाना हुई, जिसमें आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बनाने के लिए डीजे सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई थी। भक्ति भरे भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़ते गए। डीजे की मधुर धुन और जयकारों से पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास से गूंज उठा।
पदयात्रा के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए सजावटी रथों पर झांकियां भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनीं। इनमें श्रीराम दरबार, श्याम दरबार और बालाजी की भव्य झांकियां शामिल थीं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजे ये रथ पूरी यात्रा में केंद्र बिंदु बने रहे।
पूरे मार्ग पर धार्मिक नारे, भजन-कीर्तन, और फूलों की वर्षा से वातावरण भक्तिमय हो गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पदयात्रा में भाग लेकर शरद पूर्णिमा 2025 को यादगार बना दिया।






