पिलानी, 27 नवम्बर: कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम आज पिलानी पहुंची, इस दौरान उन्होंने बीज उर्वरक व कीटनाशी के आदान विक्रेताओं व बीज भण्डारों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभागीय टीम ने दुकानों पर उपलब्ध अनुज्ञापत्र (लाइसेंस), बिल बुक, स्टॉक रजिस्टर, स्टॉक मूल्य सूची सहित गोदामों की स्थिति की जांच की।
कृषि विभाग के उपनिदेशक शीशराम जाखड़ और उप परियोजना निदेशक (आत्मा) झुंझुनू प्रमोद कुमार ने पूनिया एग्रीकल्चर स्टोर, खेतीबाड़ी बीज भंडार, हिंदुस्तान बीज भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में दस्तावेजों व स्टॉक रिकॉर्ड में कमियां पाई गईं, जिस पर संबंधित विक्रेताओं को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि विभाग द्वारा निर्धारित दरों पर ही बीज, उर्वरक व कीटनाशी बेचे जाएं तथा हर ग्राहक को अनिवार्य रूप से बिल जारी किया जाए।
टीम ने विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि कृषि आदान बिक्री से जुड़े नियमों की अवहेलना, बिना बिल बिक्री या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय पाए जाने की स्थिति में संबंधित विक्रेताओं का लाइसेंस निलंबित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपनिदेशक कृषि विभाग झुंझुनूं शीशराम जाखड़ ने बताया कि किसान हित संरक्षण विभाग की प्राथमिकता है। समय-समय पर ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि कृषि सामग्री की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके तथा किसानों को उचित दाम पर प्रमाणित सामग्री मिले।





