चिड़ावा: केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जारी सूची के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी डिपार्टमेंट की नई टीम बनाई गई है। इसी क्रम में पिलानी विधायक पितराम सिंह काला को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर संगठन निर्माण की भूमिका सौंपी है।
नियुक्ति के बाद पितराम सिंह काला ने केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजस्थान पंचायत चुनाव, नगर पालिका चुनाव और विधानसभा में कांग्रेस की वापसी को लक्ष्य बनाकर पूरी निष्ठा से संगठन को मजबूत किया जाएगा।
पदभार की घोषणा होते ही प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पितराम सिंह काला को बधाई संदेश भेजकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। काला ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और कांग्रेस के जनाधार को मजबूत बनाएंगे।




