नवलगढ़: गणेशपुरा में माता विसर्जन कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब घोड़ा मधुमक्खियों ने श्रद्धालुओं पर धावा बोल दिया। घटना में करीब 10 से 12 लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय वाहन और 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल नवलगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डीजे की आवाज बनी हमले की वजह?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे बज रहा था। संभवतः तेज आवाज से पास में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता हिल गया और मधुमक्खियों ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। अचानक बने हालातों से भगदड़ मच गई, श्रद्धालु बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
महिलाओं ने बच्चों को साड़ी से ढका
स्थानीय लोगों ने बताया कि विसर्जन यात्रा में सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में छिप गए। महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साड़ी के पल्लू से ढककर सुरक्षित करने की कोशिश करती नजर आईं। ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया।
घायलों की हालत स्थिर
फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।





