झुंझुनू: जिले के संस्थापक वीर झुंझा की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रतिमा स्थापना दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह इस वर्ष रविवार 22 फरवरी को प्रातः 10 बजे से झुंझार सिंह पार्क में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह समारोह न केवल वीर झुंझा के शौर्य और योगदान को स्मरण करेगा, बल्कि जिले की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने का भी सशक्त मंच बनेगा।
संस्था अध्यक्ष महेंद्र नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि वीर झुंझा का यह 18वां प्रतिमा स्थापना वार्षिक समारोह होगा, जिसे हर वर्ष की तरह इस बार भी सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा समाज और युवाओं को प्रेरित करने वाले विचार साझा किए जाएंगे।
इस अवसर पर UPSC, RPSC और UGC के माध्यम से सिविल सेवा में चयनित अभ्यर्थियों, रक्षा क्षेत्र की सेनाओं में उच्च स्तरीय चयन पाने वाले युवाओं, नवाचार करने वाले प्रगतिशील पशुपालकों, साहित्यकारों, लेखकों, समाजसेवियों और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना और समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करना है।
संस्था प्रवक्ता और युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय हिन्द जालिमपुरा ने बताया कि स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि सम्मान हेतु पात्र प्रतिभाओं को अपने संबंधित दस्तावेज 15 फरवरी से पूर्व संस्थान कार्यालय अथवा संस्था के पदाधिकारियों को जमा करवाने होंगे। तय समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रबुद्धजनों, महिलाओं, युवाओं और समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान संस्थान की अब तक की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा, जिससे वीर झुंझा की विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।





