चिड़ावा: उपखंड के गांव पिचानवा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने एक किसान की जान ले ली। 60 वर्षीय धर्मवीर पुत्र हजारीलाल की खेत में एक जांटी के पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई। जब यह हादसा हुआ तब धर्मवीर अपनी बकरियों के लिए चारा (लूंग) काटने के लिए पेड़ पर चढ़े थे।
हादसा रविवार शाम लगभग 4 बजे का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मवीर अपनी बकरियों के लिए चारा काटने के लिए खेत में जांटी के पेड़ पर चढ़े थे। लूंग काटते समय उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे। गिरने से उन्हें गंभीर चोट आईं और वे मौके पर ही अचेत हो गए।
हादसे के तुरंत बाद, परिवार के सदस्य और आसपास के लोगों ने उन्हें चिड़ावा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने धर्मवीर की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी चिड़ावा पुलिस थाने को दी गई, जिसके बाद थाने से एएसआई ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा।
धर्मवीर एक सामान्य किसान थे जो खेती-बाड़ी और पशुपालन से अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनके परिवार में उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। इस घटना से परिवार व पिचानवा गांव में शोक का माहौल है।





