चिड़ावा: थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर ठगी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 10 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके खातों से देशभर में दर्ज 11 साइबर शिकायतें जुड़ी पाई गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को किराये पर उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए अलग-अलग राज्यों में भोली-भाली जनता से ऑनलाइन ठगी की गई। खाते में कुल 10 लाख 24 हजार 600 रुपये की संदिग्ध राशि का लेन-देन पाया गया, जो साइबर फ्रॉड से जुड़ा था। नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह मामला जांच के दायरे में आया।
जांच के दौरान केनरा बैंक चिड़ावा से प्राप्त रिकॉर्ड के अनुसार यह खाता लोदीपुरा निवासी दिक्षांत कुमार के नाम पर दर्ज था। समन्वय पोर्टल पर इस खाते से जुड़ी 11 साइबर ठगी की शिकायतें देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज मिलीं। ठगों ने नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए अवैध लाभ कमाया और पीड़ितों की रकम इस खाते में ट्रांसफर करवाई गई।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(2), 318(4), 61(2), 112(2) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C और 66D के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में इसे एक संगठित साइबर अपराध गिरोह से जुड़ा मामला माना गया है।
पूछताछ के दौरान दिक्षांत कुमार उर्फ छोटू ने स्वीकार किया कि उसने अपने गांव लोदीपुरा के बंटी और विवेक के कहने पर ऑनलाइन बैंक खाता खुलवाकर उन्हें किराये पर दे दिया था। बदले में उसे नया मोबाइल फोन दिलाने और खर्चे का लालच दिया गया। पुलिस के अनुसार, इसी खाते का उपयोग कर कम समय में लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वृताधिकारी विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में सीआई आशाराम गुर्जर के नेतृत्व में तथा साइबर थाना झुंझुनूं और चिड़ावा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर आरोपी को 4 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में दो अन्य सहयोगियों को भी नामजद किया गया है और जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी दिक्षांत कुमार उर्फ छोटू, उम्र 20 वर्ष, निवासी लोदीपुरा थाना सुलताना जिला झुंझुनूं बताया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में साइबर ठगी गिरोह से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।





