पिलानी, 28 सितंबर: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती पर आज ग्राम पंचायत मुख्यालय काजड़ा में एक अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया। काजड़ा सरपंच मंजू तंवर को भी 5 साल का कार्यकाल पूरा होने पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार मुख्य अतिथि थे, जबकि पिलानी विधायक पितराम सिंह काला ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा, जिला परिषद सदस्य डॉ. विनीता रणवा व सुनीता धत्तरवाल तथा सुशीला चौधरी थे।
पिलानी और सूरजगढ़ विधायक ने बताया राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रवण कुमार ने राज्य की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि मुद्दों से ध्यान भटका कर सरकार किसी तरह अपना कार्यकाल पूरा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की अपनी पार्टी है, और देश-प्रदेश के विकास में कांग्रेस पार्टी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने उद्बोधन में राज्य की भजनलाल सरकार को संदेश देते हुए कहा कि केवल राजनीति के लिए जनहित से जुड़ी कांग्रेस सरकार की योजनाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
विधायक पितराम सिंह काला ने भी अपने संबोधन में राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांट कर भाजपा राज कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता प्रताड़ित है, जबकि सरकार में मंत्री से लेकर संतरी तक सब बेफिक्र हैं और किसी को जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।
सरपंच ने प्रस्तुत किया 5 साल का रिपोर्ट कार्ड
सरपंच मंजू तंवर ने कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की 5 साल की उपलब्धियों का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए सूरजगढ़ व पिलानी विधायक तथा पंचायत क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। सरपंच तंवर ने शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हर भारतीय उनके प्रति कृतज्ञ है और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेता है। उनका जीवन मात्र 23 वर्षों का था, पर उन्होंने जो वैचारिक क्रांति की अलख जगाई, उसकी गूंज सदियों तक सुनाई देगी।

इससे पहले कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। बाद में अतिथियों का आयोजकों द्वारा अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद मनजीत सिंह तंवर ने किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सरपंच संदीप डैला, महावीर सिंह, बलवीर सिंह, सुनील बिजारणिया, अनिल कटेवा, विजेंद्र डूडी, एडवोकेट संजय सैनी, महावीर सिंह, विनोद छिरुष, विनोद काजला, रणवीर सिंह धतरवाल, राजकुमार राठी, अजय कुमार, विजय मील, राकेश कुमार, मनोहर लाल सैनी, शंकर भड़िया, धर्मपाल गांधी, अनिल जांगिड़, रणबीर पूनिया, शीशराम ओला, अभय सिंह निर्बाण, नेपाल सिंह निर्बाण, कुलदीप सिंह निर्बाण, अमर सिंह चौधरी, जोगिंदर सिंह, हेमंत सैनी, हवा सिंह बुडानिया, दिलीप सिंह बुडानिया, महावीर सैनी, विनोद सोनी, धीर सिंह नायक, सुनील राजोरिया, दिनेश खांटीवाल, ओम प्रकाश भड़िया आदि उपस्थित रहे।





